महमूदाबाद (सीतापुर) : गल्ला मंडी में खोले गए धान क्रय केंद्रों पर खरीद न होने पर नाराज किसानों ने शुक्रवार को अपने गल्ले में आग लगा दी। घटना दोपहर 12 बजे की है। इस तरह के प्रदर्शन की खबर पाकर क्षेत्रीय खाद्य एवं विपणन अधिकारी, तहसीलदार व डिप्टी आरएमओ मौके पर पहुंचे और किसानों को मनाया। इसके बाद इन अधिकारियों ने दूरभाष पर उच्चाधिकारियों से बात की और किसानों की उपज खरीदने को तैयार हुए हैं। वैसे ये किसान क्रय केंद्रों पर खरीद न होने से मंडी परिसर में ही पिछले कुछ दिनों से धरने पर बैठे थे। वहीं, करीब एक दर्जन से अधिक ट्रैक्टर-ट्राली में गल्ला लोड कर खड़ी कर रखे थे।
बोले किसान..
हीरालालपुरवा के जगदीश ने कहा, वे करीब 30 क्विंटल धान लेकर एक महीने से क्रय केंद्र पर खड़े हैं। इसी तरह गल्ला मंडी में खरसठ के रामशंकर, लच्छीपुर के शिवनाथ, मझिगवां के विश्वनाथ, बरगदिया के रामसरन, रघुवीरपुरवा के सहजराम, उनेरा के राकेश ट्राली में अपनी उपज के साथ मौजूद थे। बताया, वे लोग एक महीने से गल्ला मंडी में क्रय केंद्र खुलने का इंतजार कर रहे हैं। बोले जिम्मेदार..करीब 14 किसान हैं जो आज (शुक्रवार) से आमरण अनशन शुरू किए थे। हालांकि दो दिन पहले भी ये लोग तहसील आए थे एसडीएम ने इन्हें धान खरीद करा लेने का भरोसा भी दिया था पर फिर भी ये लोग आज प्रतीकात्मक के रूप में गल्ला जलाकर प्रदर्शन करने लगे। अब इन किसानों का शनिवार को सत्यापन के बाद गल्ला खरीदा जाएगा।
- अशोक कुमार, तहसीलदार गल्ला मंडी में हाटशाखा के दो क्रय केंद्र खोले गए थे। लक्ष्य पूरा होने और क्रय केंद्र पर किसानों के न आने से 15 दिनों से खरीद बंद है। इधर वेबसाइट भी दिक्कत कर रही है। फिलहाल प्रदर्शन करने वाले किसान परसों ही गल्ला लेकर आए थे। इनके आने की हमें जानकारी भी नहीं थी, शुक्रवार को प्रदर्शन की खबर पर मंडी गए और बातचीत हुई है। शनिवार को इनका धान खरीदेंगे।
- अरविद दुबे, डिप्टी आरएमओ किसानों से बातचीत के दौरान तहसीलदार व डिप्टी आरएमओ भी मौजूद थे। उच्चाधिकारियों को वस्तुस्थिति अवगत कराई गई है। उन्होंने संबंधित 14 किसानों का धान खरीद लेने की अनुमति दी है। इसलिए शनिवार को इन किसानों का धान तौलकर खरीदा जाएगा।- यशवंत राव, क्षेत्रीय खाद्य एवं विपणन अधिकारी