भाजपा सरकार में किसानों की उपेक्षा : नकवी

सीतापुर : जिला कांग्रेस कार्यालय में लखीमपुर के पूर्व सांसद जफर अली नकवी ने प्रेस वार्ता की। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में कांग्रेस किसान जनजागरण अभियान के तहत किसानों की समस्याओं को उठाने की तैयारी में है। भाजपा सरकार में किसान परेशान है। उसे गन्ने का सही भुगतान नहीं मिल रहा। बेसहारा पशु उनकी फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। किसानों की उपेक्षा का उसे खामियाजा भुगतना होगा। जिलाध्यक्ष उत्कर्ष अवस्थी ने कहा किसानों के मुद्दों को लेकर कांग्रेस संघर्ष करेगी। तहसील, ब्लॉक स्तर पर किसान मांग पत्र भरवाए जाएंगे। नुक्कड़ सभाओं का भी आयोजन होगा। इसके माध्यम से भाजपा सरकार के फर्जी दावों का खुलासा किया जाएगा। पूर्व एमएलसी हरीश बाजपेयी ने कहा की कमलापुर और महोली की चीनी मिलें बंद हैं। इनको चालू कराने के लिए कांग्रेस आवाज बुलंद करेगी। किसान हितैषी होने का कागजी दावा कर भाजपा उनके हितों की अनदेखी कर रही है। जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष आशीष गुप्ता, शिशिर बाजपेयी, अमोद मिश्रा, चोक्ष विभु अवस्थी, राजीव शर्मा, आशीष मिश्रा, राम पाल यादव, अमित मिश्रा आदि मौजूद थे।


कांग्रेस ने की बैठक


सीतापुर : कांग्रेस ने शनिवार को लहरपुर, बेहटा और सकरन में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। जिलाध्यक्ष उत्कर्ष अवस्थी ने कहा कार्यकर्ता संघर्ष के लिए तैयार रहें। भाजपा सरकार को सत्ता से हटाकर ही हम दम लेंगे। कार्यकर्ताओं के बल पर हम संघर्ष तेज करेंगे। मजबूत संगठन का निर्माण कर सरकार की दमनकारी नीतियों का विरोध किया जाएगा। राम गोपाल मिश्रा, डॉ. विनोद दीक्षित, कन्हैया मेहरोत्रा, शीलू शुक्ला, श्रीकांत मिश्रा, नत्थाराम भार्गव आदि मौजूद रहे।