कानपुर, । कन्नौज में भिड़ंत के बाद ट्रक-बस में आग लगने के बाद अबतक दस लोगों की मौत की पुष्टि और 21 घायलों के अस्पताल में भर्ती कराये जाने के बाद राजनीतिक पार्टियों ने भी घटना पर दु:ख व्यक्त किया है। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी, सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और बसपा प्रमुख मायावती ने भी ट्वीट करके शोक संवेदना व्यक्त की है। इसके साथ ही इन नेताओं ने घटना को लेकर प्रदेश की भाजपा सरकार को जिम्मेदार बताते हुए कठघरे में खड़ा किया है।
राहुल ने किया ये ट्वीट
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट करके लिखा है- कन्नौज में सड़क हादसे में बस और ट्रक के टक्कर में लगी भीषण आग से 20 लोगों की मौत और अनेक लोगों के घायल होने की खबर से आहत हूं। मृतकों के परिवार के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
अखिलेश ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना
अखिलेश यादव ने अपने ट्वीट के साथ पार्टी के ट्वीट को भी टैग किया है। उन्होंने लिखा है कि-कन्नौज के अग्निकांड में मारे गये लोगों के प्रति श्रद्धांजलि व परिजनों के प्रति हार्दिक संवेदना। लोगों की जान बच भी सकती थी, अगर भाजपा सरकार संकीर्ण राजनीतिक सोच की वजह से सपा काल में बने फायर स्टेशन को बंद नहीं करवाती, जो घटना स्थल से केवल 10 मिनट की दूरी पर बना था। दुखद!इसके अलावा समाजवार्दी पार्टी के ट्वीट को भी उन्होंने टैग किया है, जिसपर लिखा गया है-कन्नौज के छिबरामऊ के निकट भीषण सड़क हादसा अंत्यंत दुखद घटना! बड़ी संख्या में लोगों की मृत्यु हृदयघाती ! ईश्वर से मृतकों की आत्मा की शांति की प्रार्थना। शोकाकुल परिजनों के प्रति गहन संवेदना! राहत एवं बचाव कार्य में हर संभव प्रयास करे सरकार।
सैफई आवास में सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कही ये बात
इटावा के सैफई आवास में पत्रकार वार्ता में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कन्नौज हादसे पर भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। कहा, हादसे के बाद पार्टी के नेता रात में ही लोगों की मदद के लिए पहुंच गए थे। हादसे में जिन यात्रियों की मौत हुई है, उन्हें बचाया जा सकता था। सपा सरकार में कन्नौज में फायर स्टेशन का निर्माण शुरू कराया गया था लेकिन भाजपा सरकार ने निर्माण पर ध्यान नहीं दिया और काम बंद हो गया। अगर सरकार फायर स्टेशन का निर्माण करा देती तो समय फायर बिग्रेड पहुंच जाती और यात्रियों की जान बच जाती।
मायावती ने भी जताया दुख
बसपा प्रमुख मायावती ने कन्नौज में हुए दर्दनाक हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने अपने ट्वीट पर लिखा-यूपी के कन्नौज में कल रात बस व ट्रक की भीषण भिड़ंत में बीस से अधिक यात्रियों की मौत अति-दुखद। सरकार पीडि़त परिवार वालों की तुरंत समुचित सहायता करे और घायलों को बेहतर इलाज की व्यव्स्था करे।